देशभर में इंडिगो की उड़ानें लेट: एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, कंपनी ने मांगी माफी

Wed 03-Dec-2025,04:25 PM IST +05:30

ताजा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे Whatsapp Channel को Join करें |

Follow Us

देशभर में इंडिगो की उड़ानें लेट: एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, कंपनी ने मांगी माफी
  • इंडिगो की कई फ्लाइट्स तकनीकी समस्याओं, एयरपोर्ट पर भीड़ और ऑपरेशनल चुनौतियों के कारण घंटों लेट या रद्द हुईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई।

     

  • कंपनी ने बयान जारी कर देरी पर खेद जताया और यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान या पूरा रिफंड देने की बात कही, भरोसा बनाए रखने का वादा किया।

     

  • सोशल मीडिया पर यात्रियों ने तीखी नाराजगी जताई, कई ने स्टाफ पर गलत जानकारी देने और कई घंटों तक इंतजार करवाने का आरोप लगाया।

Maharashtra / Mumbai :

मुंबई/ देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की उड़ानों में अचानक आई भारी देरी और रद्दीकरण ने हजारों यात्रियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और चेन्नई सहित बड़े शहरों के एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि वे 7 से 12 घंटे तक फंसे रहे और एयरलाइन की ओर से सही जानकारी नहीं दी गई।

मुंबई से दिल्ली, दिल्ली से बेंगलुरु और अहमदाबाद से चेन्नई जैसे कई रूट पर इंडिगो की दर्जनों उड़ानें या तो घंटों लेट हैं या रद्द कर दी गई हैं। बड़ी संख्या में यात्रियों को एयरपोर्ट पर रातभर रुकना पड़ा, जिससे यात्रियों की नाराजगी बढ़ गई है।

विवाद बढ़ने के बाद इंडिगो ने आधिकारिक बयान जारी कर देरी और रद्दीकरण के लिए खेद जताया। कंपनी ने कहा कि “पिछले कुछ दिनों में तकनीकी समस्याओं, एयरपोर्ट पर भारी भीड़ और परिचालन मजबूरियों के कारण उड़ानों में देरी और रद्दीकरण बढ़ा है। हमारी टीमें ऑपरेशंस को सामान्य करने के लिए लगातार काम कर रही हैं।”

कंपनी ने यह भी बताया कि जिन यात्रियों की फ्लाइट रद्द हुई है, उन्हें दूसरी उड़ान में सीट या पूरा रिफंड दिया जा रहा है। इंडिगो ने कहा कि यात्रियों का भरोसा उसके लिए सर्वोच्च है और उन्हें हुई असुविधा पर कंपनी को गहरा अफसोस है। एयरलाइन ने सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले यात्री अपनी उड़ान की लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक करें, ताकि अतिरिक्त भीड़ और परेशानी से बचा जा सके।

सोशल मीडिया पर भी लोग स्थिति को लेकर खासे नाराज दिखे। कई यात्रियों ने X पर एयरलाइन पर आरोप लगाया कि स्टाफ सही जानकारी नहीं दे रहा और यात्रियों को “घंटों तक इंतजार कराने के बाद भी कोई समाधान नहीं दिया जा रहा।” एक यूजर ने लिखा, “दिल्ली एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी है, मेरी फ्लाइट 7 घंटे लेट है और कोई कन्फर्मेशन नहीं। अब कभी इंडिगो से यात्रा नहीं करूंगा।”

स्थिति को देखते हुए DGCA भी हालात पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर एयरलाइन से रिपोर्ट मांग सकता है।